कोटा में पुलिस का एक्शन: जुआ खेलते दो गिरफ्तार, अवैध चाकू के साथ युवक पकड़ा
कोटा। किशोरपुरा थाना पुलिस ने अवैध हथियार, मादक पदार्थ और जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेलते पकड़े गए, जबकि एक युवक को अवैध धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाषचन्द्र मिश्रा और वृत्ताधिकारी मनीष शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी चेतन शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
🔪 अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
18 अगस्त को सउनि धर्मेन्द्र यादव मय जाप्ता गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पशुमेला ग्राउंड गेट, अम्बेडकर भवन के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से धारदार चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी की पहचान मुकेश मलिक (30) निवासी बारां, हाल दुर्गा बस्ती, जवाहर नगर, कोटा के रूप में बताई है।
🃏 ताश के पत्तों पर जुआ खेलते दो गिरफ्तार
इसी दिन सउनि शिवराज सिंह मय जाप्ता ने गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बन्ने सिंह (46) निवासी सवाई माधोपुर और बाबूलाल (40) निवासी बारां के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है। कार्रवाई में किशोरपुरा थाना प्रभारी चेतन शर्मा, सउनि धर्मेन्द्र यादव, सउनि शिवराज सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
#Kota #KotaNews #KotaRajasthan #KotaCity #BreakingNews #RajasthanNews #Rajasthan #KotaPolice
Ladpura, Kota | Aug 21, 2026