भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक में किसानों की समस्याओं पर मंथन, कई मांगों को लेकर उठी आवाज
मीरजापुर। भारतीय किसान यूनियन की कार्यकारिणी की मासिक बैठक रविवार, 30 अगस्त 2026 को ग्राम सभा बांग्ला मिल्की में डॉ. वीके सिंह के आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कंचन सिंह फौजी ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह ने किया।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान तथा मथुरा में प्रस्तावित राष्ट्रीय किसान पंचायत में भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में किसानों ने बेलवारी माइनर का टूटा तटबंध तत्काल बनवाने, देवरिया (बंगला) गांव में खड़ंजे पर जमा नाबदान के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने तथा इमलियाचट्टी वाया नारायणपुर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़क के किनारे नाली निर्माण कराने की मांग की।
इसके अलावा कुदारन से घाटमपुर तक कुलावा नंबर-4 की सफाई, इमलियाचट्टी-नारायणपुर मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों की मरम्मत और बंद पुलिया की सफाई कराने की मांग उठाई गई, ताकि सड़क के ऊपर से बह रहे पानी की समस्या दूर हो सके।
किसान नेताओं ने बताया कि शेरवा माइनर के दोनों तरफ करीब 200 बीघा धान की फसल जलमग्न है। नऊवा नाले पर अतिक्रमण कर उसे पाट दिए जाने से जल निकासी बाधित है। किसानों ने तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही भागवत राजवाहा में देवरिया से बेलवारी तक माइनर का पक्का तटबंध बनवाने की मांग भी रखी गई।
बैठक में विंध्य एक्सप्रेसवे को जनहित में समाप्त करने की मांग भी उठाई गई। गंगा में आई बाढ़ से प्रभावित गांवों में जिला प्रशासन से निगरानी बढ़ाने, फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई।
किसानों ने अहरौरा बांध के मेन गेट से पानी रिसाव का मुद्दा भी उठाया। बताया गया कि गेट लगाया जा चुका है, लेकिन रबर सील नहीं लगाए जाने के कारण पानी निकल रहा है। किसानों ने रबर सील तत्काल लगवाने की मांग की।
बैठक के अंत में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की हानि पर भारतीय किसान यूनियन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह, किसान प्रदेश महासचिव प्रहलाद सिंह, मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष स्वामी दयाल सिंह, जिला सचिव पंचम सिंह, मंडल उपाध्यक्ष परशुराम मौर्य, जिला संगठन मंत्री घूरे प्रसाद बिंद सहित लालजी सिंह, भोला नाथ गिरी, जमुना प्रसाद, लक्ष्मण सिंह, राजेंद्र प्रसाद, राजकुमार सिंह, ओम प्रकाश सिंह, सुनील पटेल, रामसूरत, गंगाराम, रामजतन, गिरधारी सिंह, रामचंद्र सिंह, रामबृक्ष सिंह, जगदीश सिंह, डॉ. बीके सिंह, श्यामधर यादव, रामवृक्ष समेत अन्य किसान एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
#TodayMirzapur #Mirzapur #भारतीयकिसानयूनियन #किसान #किसानसमस्या #किसानपंचायत #गंगाबाढ़ #मीरजापुर #विंध्यएक्सप्रेसवे