जिलाधिकारी ने की राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश...
समस्तीपुर, 20 अगस्त 2026।
जिलाधिकारी समस्तीपुर, श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में राजस्व विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में राजस्व से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) एवं सभी अंचल अधिकारी (CO) सहित राजस्व विभाग से संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि विवाद, अतिक्रमण, सरकारी भूमि की सुरक्षा, भू-अभिलेखों के संधारण एवं अद्यतीकरण, लगान वसूली तथा अन्य राजस्व संबंधी मामलों की प्रगति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन से संबंधित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व से संबंधित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा आम लोगों को कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए पदाधिकारी एवं कर्मी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने अंचलों में सरकारी भूमि की नियमित निगरानी एवं अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही भूमि विवाद से संबंधित मामलों में संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विधि-सम्मत एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी DCLR एवं CO को राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों का सीधा संबंध आम नागरिकों के दैनिक जीवन एवं भूमि संबंधी अधिकारों से है, इसलिए कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता हर स्तर पर सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में राजस्व कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
#meeting #highlight #RevenueDepartment #Samastipur #DistrictAdministration #relatable
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
22 views | Patna, Bihar | Aug 21, 2026