बेतालघाट: शिक्षकों की मांग को लेकर छात्राओं व अभिभावकों का प्रदर्शन, बाजार में निकाली रैली
बेतालघाट। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC) बेतालघाट में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर छात्राओं और उनके अभिभावकों का आक्रोश गुरुवार को खुलकर सामने आया। शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर छात्राओं और अभिभावकों ने बेतालघाट बाजार में रैली निकालकर जल्द से जल्द शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कुछ समय पहले जिलाधिकारी द्वारा विद्यालय में सात विषयों के शिक्षकों की तैनाती के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक किसी भी शिक्षक ने विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इतना ही नहीं, जो शिक्षक पहले से विद्यालय में कार्यरत थे, उनके भी स्थानांतरण के निर्देश जारी होने की जानकारी मिल रही है। ऐसे में विद्यालय में छात्राओं की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
छात्राओं और अभिभावकों ने कहा कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने शासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि छात्राओं के भविष्य को देखते हुए तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके।
#Betalghat #GGIC #GovernmentGirlsInterCollege #TeacherShortage #NeedTeachers #StudentsProtest #EducationForAll #Uttarakhand #Nainital #BetalghatNews #UttarakhandNews #SchoolNews #EducationCrisis #BreakingNews #LocalNews #StudentVoice #SaveEducation #HindiNews #IndiaNews #ViralNews