कच्ची दीवार के साथ गिरी झोपड़ी, पति की मौत, मां बेटा घायल
हरदोई में बारिश से नम झोपड़ी की कच्ची दीवार ढही
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के बंदरहिया बंजारन पुरवा में सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे बारिश के कारण एक कच्ची दीवार ढह गई। इस हादसे में मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और 18 माह की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तीनों को मलबे से निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया।मंगलवार दोपहर 2:45 पर शव का पोस्टमार्टम हुआ। मृतक के मौसेरे भाई जलील ने बताया कि महबूब ने 2साल पहले सरकारी आवास के लिए आवेदन किया था, लेकिन अबतक उन्हें आवास नहीं मिल पाया है।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय महबूब के रूप में हुई है, जो चूड़ी की फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अपने परिवार के साथ कच्ची दीवारों वाली झोपड़ी में रहते थे। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण झोपड़ी की दीवारें कमजोर हो गई थीं।
हादसे से कुछ देर पहले महबूब के दो बड़े बच्चे, 5 वर्षीय रजा हुसैन और 3वर्षीय खैरुन्निसा, लघुशंका के लिए बाहर गए थे। उनकी 33 वर्षीय मां नफीसा दोनों बच्चों को बाहर छोड़कर वापस झोपड़ी के अंदर आई थीं, क्योंकि उनकी 18 माह की सबसे छोटी बेटी निशा रो रही थी। मां के अंदर आते ही जर्जर दीवार ढह गई, जिससे महबूब, नफीसा और मासूम निशा मलबे में दब गए। सौभाग्य से, दोनों बड़े बच्चे बाहर होने के कारण सुरक्षित बच गए।
दीवार ढहने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत मलबे से तीनों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टर ने महबूब को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी नफीसा और बेटी निशा का इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
महबूब अपने पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे।उनके एक भाई अनीस और पिता हाशिम की पहले ही मौत हो चुकी है। जलील ने बताया कि महबूब की मां फातिमा के पास कुल 1.25 बीघा जमीन है।
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Hardoi, Hardoi | Aug 18, 2026