गणेश जोशी के इस्तीफे की मांग, कांग्रेस ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
मसूरी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पत्रकार वार्ता कर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर मसूरी के विकास कार्यों में खर्च धनराशि को लेकर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने गणेश जोशी से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में तीन सितंबर को न्यायालय में पेशी निर्धारित है। ऐसे में नैतिकता के आधार पर उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मंत्री के कथित भ्रष्टाचार को संरक्षण देने में मुख्यमंत्री की भी भूमिका है। उन्होंने मसूरी पेयजल पंपिंग योजना, आपदा के बाद हुए कार्यों और सीवरेज परियोजना में खर्च हुई धनराशि की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। आरोप लगाया कि इन परियोजनाओं में करोड़ों रुपये की कथित अनियमितताएं हुई हैं और जनता के धन का सही उपयोग नहीं हुआ।
सड़क की बदहाली को बनाया मुद्दा
कांग्रेस नेताओं ने मसूरी-देहरादून मार्ग की बदहाली को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मसूरी को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग लगातार क्षतिग्रस्त हो रहा है। शिव मंदिर के ऊपर पुश्ता ढहने के बाद अब पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित है। इससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कांग्रेस ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की जांच की मांग की।
सैन्यधाम को लेकर भी उठाए सवाल
पत्रकार वार्ता में सैन्यधाम परियोजना को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए गए। कांग्रेस नेताओं ने परियोजना में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच पूरी होने से पहले इसके लोकार्पण की तैयारी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
'2027 में जनता देगी जवाब'
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा में इस बार जनता चुनाव परिणाम तय करेगी। नेताओं ने दावा किया कि मंत्री गणेश जोशी को इस बार करीब 20 हजार मतों से हार का सामना करना पड़ेगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के प्रति जनता में नाराजगी बढ़ रही है और 2027 के चुनाव में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन तय है। हालांकि, पत्रकार वार्ता में लगाए गए भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर भाजपा या संबंधित विभागों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
#cmuttrakhkhand #GaneshJoshi #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh #uttarakhand #mussoorie #uttrakhand #dehradun #congressnews
Mussoorie, Dehradun | Aug 10, 2026