बाजपुर न्यूज
हुड़दंग मचा रहे पांच युवकों पर पुलिस की कार्रवाई, गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
बाजपुर। क्षेत्र में दंगा-फसाद और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ बाजपुर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों का मेडिकल कराने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के आदेश के क्रम में, पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के निकट पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस को क्षेत्र में हुड़दंग और दंगा-फसाद किए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में हुकुम सिंह (45) पुत्र भीष्म सिंह निवासी वार्ड नंबर एक, माजरा प्रभु, बाजपुर, हरजीत सिंह उर्फ अजीत (19) पुत्र हुकुम सिंह निवासी उपरोक्त, अंशु (28) पुत्र धर्म सिंह निवासी ग्राम केशोवाला, थाना बाजपुर, संजू सिंह (43) पुत्र ओमप्रकाश निवासी वार्ड नंबर एक, माजरा प्रभु तथा कुणाल (19) पुत्र संजू सिंह निवासी उपरोक्त शामिल हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह मनराल, कांस्टेबल मनोज बेलवाल और होमगार्ड गौरव पाल शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Bajpur, Udham Singh Nagar | Aug 18, 2026