*पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए दिशा-निर्देश*
*ब्लॉक पर प्रकोष्ठों की स्थापना, मतदान केंद्रों के भौतिक निरीक्षण और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश*
नगर/डीग, 5 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायतीराज चुनाव को लेकर चुनाव प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारियों तथा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी ब्लॉकों से जुड़े रिटर्निंग अधिकारियों, विकास अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में चुनाव तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उपखंड अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर चुनाव प्रकोष्ठ स्थापित करने तथा चुनाव प्रकोष्ठ के माध्यम से संबंधित ब्लॉक के मीडिया प्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर निर्वाचन कार्यक्रम एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान पोलिंग पार्टियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली की व्यवस्था, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर एवं रैंप, शौचालय, प्रवेश एवं निकास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्तों को साफ-सुथरा रखने तथा मतदान केंद्रों की चारदीवारी से संबंधित मरम्मत कार्य समय पर पूरा कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बूथ परिवर्तन से संबंधित प्रक्रिया को भी समयबद्ध रूप से अंतिम रूप देने को कहा।
उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित आवेदनों, उनके निस्तारण तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और लंबित कार्यों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शैडो एरिया से संबंधित आवश्यक सूचना उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को फील्ड में रहकर अपने-अपने क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों की भौगोलिक स्थिति, वहां पहुंचने के मार्ग, मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ कानून एवं व्यवस्था की स्थिति का भी विशेष रूप से आकलन किया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Nagar, Bharatpur | Oct 5, 2026