प्रेस विज्ञप्ति
दुर्गा पूजा एवं दशहरा-2026 को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हुड़दंगियों एवं अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
अरवल, 05 अक्टूबर 2026।
आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व-2026 के अवसर पर सांप्रदायिक सौहार्द, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज मुख्य सचिव, बिहार श्री प्रत्यय अमृत एवं पुलिस महानिदेशक श्रीमती प्रीता वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जुड़े। अरवल जिले से जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक, अरवल श्रीमती नवजोत सिमी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में गृह विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज कुमार, महानिदेशक (अभियान एवं विशेष शाखा) श्री कुंदन कृष्णन तथा अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) श्रीमती के. सुहिता अनुपम भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान गृह विभाग के प्रधान सचिव द्वारा पर्व अवधि 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा एक महत्वपूर्ण पर्व है, इसलिए इसे पूर्णतः सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
पुलिस महानिदेशक श्रीमती प्रीता वर्मा द्वारा पुलिस की दृश्यता बढ़ाने, संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, शांति समिति की बैठकें आयोजित करने, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समुचित ब्रीफिंग, बड़े पूजा पंडालों का फायर ऑडिट तथा सोशल मीडिया की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
महानिदेशक (अभियान एवं विशेष शाखा) श्री कुंदन कृष्णन द्वारा मूर्ति विसर्जन एवं विसर्जन जुलूसों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, निर्धारित मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने, जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने तथा अधिकारियों एवं पुलिस बल को अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पूरी मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।
प्रमुख प्रशासनिक एवं सुरक्षा निर्देश
◆ पूजा पंडाल एवं जुलूस की लाइसेंसिंग:
सभी पूजा पंडालों, मूर्तियों एवं विसर्जन जुलूसों के लिए नियमानुसार लाइसेंस अनिवार्य होगा। जुलूस में शामिल जिम्मेदार व्यक्तियों से अंडरटेकिंग ली जाएगी तथा निर्धारित मार्ग की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी सुनिश्चित की जाएगी।
◆ भड़काऊ सामग्री एवं हथियारों पर प्रतिबंध:
पूजा पंडालों एवं जुलूसों में भड़काऊ अथवा उत्तेजक गीत, आपत्तिजनक नारे तथा प्रतिबंधित हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण रोक रहेगी। ऐसी किसी झांकी अथवा चित्र के प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी, जिससे किसी समुदाय की धार्मिक भावना आहत हो।
◆ डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध:
माननीय पटना उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। लाउडस्पीकर का उपयोग केवल वैध अनुज्ञप्ति के आधार पर किया जा सकेगा तथा रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 6:00 बजे तक इसका उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। डीजे ऑपरेटरों एवं लाउडस्पीकर संचालकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
◆ भीड़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन:
अत्यधिक भीड़ वाले पूजा स्थलों पर प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने के साथ चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, QRT, SDRF, CCTV कैमरे एवं आवश्यकतानुसार वॉच टावर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। रावण वध स्थलों एवं मूर्ति विसर्जन के चिन्हित घाटों पर गोताखोरों एवं बचाव दल की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी।
◆ सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर:
सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से धर्म, जाति या भाषा के आधार पर नफरत, भ्रामक सूचना अथवा अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने अथवा धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर एवं निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही आम नागरिकों एवं पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देते हुए शांति एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
Arwal, Bihar | Oct 5, 2026