*आगामी पंचायत चुनावों को लेकर धौलपुर पुलिस अलर्ट, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस टीमें ले रही है मतदान केंद्रो का जायजा।*
*मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जा रहा जायजा, संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी विशेष निगरानी*
आगामी पंचायत चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से धौलपुर पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में जिलेभर में चुनाव संबंधी सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।इसी क्रम में जिले के विभिन्न पुलिस थानों की टीमें अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों की स्थिति, सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक व्यवस्थाओं तथा आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेकर चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।पंचायत चुनावों के दौरान प्रत्येक क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। थाना स्तर पर पुलिस टीमें अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले मतदान केंद्रों की जानकारी संकलित कर रही हैं, ताकि चुनाव के दौरान आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा सकें। साथ ही, चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी संभावित गतिविधि की रोकथाम तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए पुलिस सतर्कता के साथ कार्य कर रही है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान और वहां आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा भी चुनाव तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया है धौलपुर पुलिस का उद्देश्य पंचायत चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना है, ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव अथवा बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने अथवा चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वाली गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।आमजन से अपील की जाती है कि वे पंचायत चुनावों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा चुनाव से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।