चक्रधरपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों का विशेष जांच अभियान, 20 किलो खराब रसगुल्ले नष्ट
चक्रधरपुर। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन, पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने चक्रधरपुर क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान रेस्टोरेंट, मिठाई एवं किराना दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कुछ रेस्टोरेंट में पैकेटबंद पनीर का उपयोग पाया गया। वहीं कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली तथा आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे।
मथुरा स्वीट्स में करीब 20 किलो खराब रसगुल्ले और एक्सपायरी पस्ता स्नेक्स पाए गए। खाद्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से इन खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में क्यूज़ीन फैमिली रेस्टोरेंट, संतुष्ट क्यूज़ीन रेस्टोरेंट, शंकर मिष्ठान भंडार, मथुरा स्वीट्स एवं छप्पन भोग को अग्रेत्तर कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में पर्याप्त साफ-सफाई रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने तथा केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग एवं बिक्री करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पैकबंद खाद्य सामग्री खरीदने या बेचने से पहले एफएसएसएआई लाइसेंस/पंजीकरण संख्या, निर्माण तिथि और एक्सपायरी/उपयोग की अंतिम तिथि समेत लेबल पर दर्ज आवश्यक जानकारी की जांच करने को कहा गया।
#citilivejharkhand #nonfollowers #foryouシ #festival