टेउसा पंचायत में चला स्वच्छता अभियान, अधिकारियों से लेकर ग्रामीणों ने किया श्रमदान
किशनगंज: किशनगंज प्रखंड की टेउसा पंचायत में शुक्रवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, निदेशक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया, पंचायत सचिव सहित एलएसबीए विभाग के पदाधिकारी व कर्मी, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, स्वच्छता पर्यवेक्षक, स्वच्छता कर्मी, जनप्रतिनिधि, जीविका दीदियां एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।
अभियान के दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए गांव और मोहल्ले में सफाई की। लोगों ने स्वयं सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने भी स्वच्छता के महत्व पर प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली। सभी ने अपने घर, गांव और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर पंचायत के निर्माण के लिए आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है।