कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में ‘कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट’ का हुआ आयोजन
सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर कुरुक्षेत्र के युवाओं के लिए जापान में खुलेंगे रोजगार के नए द्वार
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं को बताए रोजगार के अवसर
कुरुक्षेत्र, 5 अक्टूबर। सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए ‘कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट’ आयोजित किया गया। नवीन जिन्दल फाउंडेशन और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन ऑफ वेल्फेयर सर्विसेज के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं से सीधा संवाद किया और जापान में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने कहा कि भारत के कुशल और प्रशिक्षित युवा जापान की बदलती रोजगार आवश्यकताओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
यूनिवर्सिटी इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक सुनील ढींगरा ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन युवाओं के स्किल प्रशिक्षण और रोजगार को लेकर उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसर प्रदान करना है। इसी कड़ी में आज यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नवीन जिन्दल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में चलाए जा रहे तीन स्किल सेंटरों के बारे में जानकारी दी और प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया कि संसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को विदेशों में रोजगार के सुनियोजित अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि ‘कुरुक्षेत्र-जापान करियर कनेक्ट’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना और उनकी शिक्षा एवं हुनर को अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ना है।
इस अवसर पर मि. रिन् तानाका, मिस टोमोए इगुची, मि. तेत्सुशी तकागी, मि. हिरोया यागुची, श्री कृष्णन नारायणन, मिस क्योको ताकेमोतो, सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह पूर्व आईएएस, अभिषेक सहगल और आवेश सिंह डॉ प्रियंका जांगड़ा , डॉ सविता गिल , हरिकेश पपोसा उपस्थित रहे।