सरकारी स्कूल में किया युवक का अंतिम संस्कार:ताला तोड़कर घुसे लोग, बोले- यहां समाज का श्मशान था; प्रिंसिपल ने कहा- यहां बच्चे खेलते थे
.
.
दूदू (जयपुर)। जयपुर जिले के दूदू में एक सरकारी स्कूल परिसर में युवक का अंतिम संस्कार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लोगों ने स्कूल का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और वहां युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। स्कूल के गार्ड ने लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक शव का करीब आधा हिस्सा जल चुका था। अंतिम संस्कार करने वाले लोगों का कहना है कि जिस जमीन पर दाह संस्कार किया गया, वहां पहले उनके समाज का श्मशान हुआ करता था और बाद में यह जमीन स्कूल के नाम कर दी गई। वहीं स्कूल प्रशासन का कहना है कि जमीन वर्ष 2008 में स्कूल के नाम हो चुकी है और जिस स्थान पर अंतिम संस्कार किया गया, वहां बच्चे खेलते थे। मामले को लेकर स्कूल की प्रिंसिपल ने दूदू थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार माल की ढाणी निवासी बाबू (20) पुत्र रामकरण बागरिया की रविवार को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बताया गया कि बाबू पैदल घर जा रहा था, तभी एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद परिजन और समाज के लोग शव को लेकर स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल पहुंचे और स्कूल परिसर में ही अंतिम संस्कार कर दिया। स्कूल की प्रिंसिपल सरिता मीणा ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे बड़ी संख्या में लोग युवक का शव लेकर स्कूल परिसर में पहुंचे। स्कूल के गार्ड जगदीश गुर्जर ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने और स्कूल का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद स्कूल के पीछे के दरवाजे के पास बने टीन शेड के नजदीक अंतिम संस्कार किया गया। प्रिंसिपल के अनुसार, जिस जगह अंतिम संस्कार किया गया, वहां स्कूल के बच्चे खेलते थे। उन्होंने बताया कि जमीन वर्ष 2008 में स्कूल के नाम हो चुकी है और पिछले करीब 18 वर्षों से यहां किसी तरह का दाह संस्कार नहीं हुआ है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच बहस भी हुई। दूदू SDM गुलाब सिंह वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्कूल का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है। वहीं दूदू नगर पालिका के वार्ड 4 से बीजेपी पार्षद अवधेश शर्मा ने कहा कि वर्ष 2008 से पहले और उसके बाद भी स्कूल से करीब 200 मीटर दूर बनी मॉर्च्युरी के पास सार्वजनिक स्थान पर अंतिम संस्कार किया जाता रहा है। उनके अनुसार, स्कूल परिसर की जमीन पर पहले कोई श्मशान होने का राजस्व रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर अंतिम संस्कार किया गया, वह राजकीय मॉडल स्कूल के नाम दर्ज है और पहले गोचर के रूप में उपयोग होती थी। अवधेश शर्मा ने आरोप लगाया कि स्कूल की जमीन में जानबूझकर प्रवेश कर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थान की गरिमा और शिक्षा के माहौल से इस तरह की गतिविधियों से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने मामले को नगर पालिका बोर्ड की आगामी बैठक में उठाने की बात कही है।
#jaipurnews
#dudunews
#jaivardhannews
Nathdwara, Rajsamand | Oct 6, 2026