समय से पहले बंद मिले तीन सरकारी विद्यालय, बीईओ ने कहा—मांगा जाएगा स्पष्टीकरण, होगी कार्रवाई
घोसवारी (पटना): प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की कार्यशैली और समयबद्धता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दोपहर 2:42 से 3:00 बजे के बीच तीन अलग-अलग सरकारी स्कूलों की पड़ताल के दौरान भारी अनियमितता और लापरवाही देखने को मिली।
प्राथमिक विद्यालय मांझी टोला प्रहलादपुर: दोपहर 2:43 बजे ही इस विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला। समय से काफी पहले स्कूल बंद कर सभी शिक्षक गायब हो चुके थे।
प्राथमिक विद्यालय यादव टोला प्रहलादपुर: दोपहर 3:00 बजे पूरे स्कूल परिसर में सन्नाटा पसरा था और एक भी बच्चा उपस्थित नहीं था। परिसर के बाहर मिले बच्चों ने बताया कि दोपहर 3:00 बजे ही स्कूल की छुट्टी कर दी जाती है। वहीं, कुल 5 पदस्थापित शिक्षकों में से केवल 2 ही मौके पर मौजूद पाए गए।
उत्क्रमित विद्यालय मालपुर: दोपहर करीब 2:45 बजे विद्यालय पूरी तरह बंद था। पड़ताल के दौरान एक शिक्षक (चंद्रभूषण कुमार) दौड़ते हुए आनन-फानन में पहुंचे, जबकि बाकी शिक्षक गायब थे। उपस्थित शिक्षक ने बताया कि वे बीएलओ (BLO) के कार्य से बाहर गए थे और प्रखंड शिक्षा अधिकारी से फोन पर बातचीत में भी उन्होंने यह बात स्वीकार की। साथ ही पता चला कि स्कूल के प्रधानाचार्य एक शादी समारोह में गए हुए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह विद्यालय रोजाना समय से पहले ही बंद हो जाता है। विद्यालय की छात्रा अंबिका सिंह ने बताया कि दोपहर का खाना (मिड-डे मील) खाने के महज आधे घंटे बाद ही बच्चों को छुट्टी दे दी जाती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घोसवारी के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) धर्मवीर कुमार ने कहा कि सभी संबंधित विद्यालयों की गहन जांच की जाएगी, दोषी शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
#Mokama #patna
Mokameh, Patna | Aug 25, 2026