बागपत। आजादी के 80वें पर्व पर शनिवार को बागपत कलेक्ट्रेट देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर नजर आया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री केपी मलिक और जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने ध्वजारोहण किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन से पूरा परिसर देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।
इससे पहले जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कैंप कार्यालय और राष्ट्र वंदना चौक पर माल्यार्पण किया। समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। राज्यमंत्री केपी मलिक और जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
Baraut, Bagpat | Aug 15, 2026