Mau : करंट हादसे में मृतकों के परिजनों से मिले मंत्री एके शर्मा, तीनों परिवारों को दी एक-एक लाख की सहायता
मऊ। डोमनपुरा क्षेत्र में पिछले दिनों हुए दर्दनाक विद्युत हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद गुरुवार को प्रदेश के मंत्री एके शर्मा मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और तीनों मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
बता दें कि बख्तावरगंज उपकेंद्र के टाउन नंबर-1 फीडर क्षेत्र में डोमनपुरा निवासी अबूल हसन के आवास पर शादी समारोह के लिए टेंट लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान टेंट लगाने वाले कामिल पुत्र मुन्ना, इरफान पुत्र उजैर और महमूद पुत्र अबूल हसन अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गए। करंट की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद मंत्री एके शर्मा ने स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में गुरुवार को उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और सहायता राशि प्रदान की।
परिजनों से बातचीत के दौरान परिवार की बेटियों की शादी का भी मुद्दा सामने आया। इस पर मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्रता के आधार पर मृतकों के परिवार की बेटियों की शादी में भी सरकारी योजनाओं के माध्यम से सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
मंत्री ने आसपास के अन्य जरूरतमंद और पात्र लोगों की समस्याओं को भी सामने लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जो लोग सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के पात्र हैं, उनके लिए आवाज उठाई जाए और उनकी समस्याएं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएं, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
मौके पर मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान नगर पालिका के कर्मचारी और अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। हादसे के बाद से तीनों परिवारों में शोक का माहौल बना हुआ है।
#maunews #Aksharma #newsfeed #BJPGovernment #UttarPradesh #NewsUpdate #ElectricalSafety