दिनांक: 15 अगस्त, 2026 चित्रकूट।
*80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कलेक्ट्रेट में फहराया राष्ट्रीय ध्वज; 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूर्ण होने पर युवाओं और स्वास्थ्य केंद्रित विकास पर दिया जोर*
80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग ने सर्वप्रथम अपने राजकीय आवास पर तत्पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय माहौल में ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रीय गान एवं राष्ट्रीय गीत का सस्वर गायन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान सेनानियों एवं विभूतियों को नमन करते हुए जनपदवासियों व शासकीय अधिकारियों/कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं और इस वर्ष का आयोजन देश की युवा ऊर्जा को समर्पित है। उन्होंने कहा कि देश में 35 वर्ष से कम आयु के लगभग 80 करोड़ युवा हैं, जिनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण देश की प्राथमिकता है। उन्होंने राष्ट्रगीत की पंक्तियों ‘सुजलाम् सुफलाम्’ की विस्तृत व्याख्या करते हुए उपस्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), कर्वी की अध्यापिकाओं को निर्देश दिए कि वे छात्राओं को वंदे मातरम के अर्थ व मर्म से अवगत कराएं।
विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दिए कहा कि नियमित योग, दौड़ और खेलकूद को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं ताकि शरीर स्वस्थ रहे और कार्यक्षमता में वृद्धि हो, उन्होंने कहा कि वृद्धि के साथ साथ आपके जीवन के आयु भी बढ़ेंगे।
जिलाधिकारी ने खानपान में मिलेट्स (श्रीअन्न) और प्रोटीन की मात्रा बढ़ाएं तथा चाय व अत्यधिक शर्करा (शुगर) के सेवन से परहेज करें।
कहा कि कार्यालयीन कार्यों में तनावमुक्त रहें, क्योंकि स्वस्थ मन और शरीर से ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कर्वी की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए, जिन्हें जिलाधिकारी द्वारा उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके अतिरिक्त, कलेक्ट्रेट परिसर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मचारियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्ट्रेट को स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्वच्छता कर्मचारियों को साल व उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने संयुक्त जिला चिकित्सालय सोनेपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड और वीआईपी कक्ष की स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा वहां भर्ती मरीजों का हालचाल जानते हुए फल वितरित किए। अंत में, जिलाधिकारी द्वारा पटेल तिराहा पर ध्वजारोहण कर सरदार वल्लभ भाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीचन्द्र शेखर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्री अरुण कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री स्वप्निल कुमार यादव एवं पटेल तिराहा हेमराज सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।