सपा में बड़ा सियासी इजाफा, मनीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में कई चेहरे शामिल
नैतिक पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ने समर्थकों संग थामा सपा का दामन, मासिक बैठक में 2027 की तैयारियों पर मंथन
बस्ती। आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के बीच समाजवादी पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक के दौरान नैतिक पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं विश्व कायस्थ महासंघ के सह संस्थापक मनीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। एक साथ बड़ी संख्या में नए चेहरों के सपा में शामिल होने को जिले की सियासत में महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष एवं सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। सदस्यता ग्रहण करने वाले नए कार्यकर्ताओं का जिलाध्यक्ष ने स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की मुख्यधारा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
2027 की तैयारी में जुटी सपा
महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जनता के बीच उतरना होगा। कार्यकर्ता समाजवादी विचारधारा, पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार की नीतियों से जनता परेशान है और प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
कायस्थ समाज की सक्रियता ने बढ़ाई सियासी चर्चा
मनीष श्रीवास्तव के साथ बड़ी संख्या में कायस्थ समाज से जुड़े लोगों के सपा में शामिल होने से राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। सदस्यता ग्रहण करने वालों में विश्व कायस्थ महासंघ के संस्थापक कमलेश कुमार श्रीवास्तव, राजकुमार सिन्हा, रणधीर सिंह कायस्थ, हरश्याम श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, शुभम कश्यप, अतुल श्रीवास्तव, दीपू श्रीवास्तव, अंकित दीप श्रीवास्तव, सोनू कुमार, मनीष जायसवाल, विशाल श्रीवास्तव, कन्हैया कुमार एवं राजेश श्रीवास्तव सहित अनेक लोग शामिल रहे।
राजनीतिक जानकारों की नजर में यह घटनाक्रम आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा के लिए संगठनात्मक विस्तार का संकेत माना जा रहा है। खासकर मनीष श्रीवास्तव जैसे पूर्व विधानसभा प्रत्याशी के साथ समर्थकों का पार्टी में आना आने वाले दिनों में जिले की सियासी रणनीति पर असर डाल सकता है।
कार्यक्रम में विधायक कविन्द्र चौधरी अतुल, पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय, वरिष्ठ नेता दयाशंकर मिश्र, जावेद पिण्डारी, मो. स्वालेह, समीर चौधरी, पूर्व अध्यक्ष राजकपूर यादव, आर.डी. निषाद, जय श्री लाल, हरीश गौतम, सीताराम चौहान, प्रवीण पाठक, निजामुद्दीन, राघवेन्द्र सिंह, मो. सलीम, गीता भारती, इन्द्रावती शुक्ल, विजय विक्रम आर्य एवं डा. देवेन्द्रनाथ श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सियासी संदेश साफ—संगठन विस्तार पर सपा का फोकस
मासिक बैठक के बहाने सपा ने एक ओर जहां गांधी-शास्त्री के विचारों को याद किया, वहीं दूसरी ओर नए लोगों को पार्टी से जोड़कर 2027 के चुनावी अभियान के लिए संगठन को धार देने का संदेश भी दिया। मनीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुए इस सदस्यता कार्यक्रम ने बस्ती की आगामी सियासत में नए समीकरणों की चर्चा को और हवा दे दी है।
Basti, Basti | Oct 3, 2026