लोहिया महाविद्यालय पहुंची ‘लोकमंथन–हम भारत के लोग’ यात्रा
लोक संस्कृति, संविधान के मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना का दिया संदेश
चूरू। लोहिया महाविद्यालय, चूरू में रविवार को ‘लोकमंथन–हम भारत के लोग’ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और देश की विविध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। विभिन्न संगठनों एवं कलाकारों ने लोकनृत्य, लोकगीत, बात पोसी सहित लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मंजू शर्मा ने की। इस दौरान लोकमंथन यात्रा के संयोजक सत्यनारायण तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री का सानिध्य रहा।
कार्यक्रम में भारतीय संविधान की शपथ, संविधान पर संवाद और युवाओं के साथ संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। वक्ताओं ने कहा कि भारत की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता में एकता और लोकतांत्रिक परंपराओं में निहित है। इन मूल्यों को समझना और युवा पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, विद्या भारती, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, संस्कृत भारती और साहित्य परिषद सहित विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक संगठनों के प्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे। श्री हेरिटेज बाग एवं देव दर्शन से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और संविधान में निहित मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही युवाओं से सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
#tharkiawaazajay #churu #ChuruNews #college #collegestudents
Churu, Churu | Oct 4, 2026