*टेकहोम राशन वितरण से जिले के लगभग 35 हजार हितग्राहियों को मिल रहा पोषण आहार*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार जिले के सभी 7 विकासखंडों में पोषण आहार की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए साझा चूल्हा समूहों द्वारा टेकहोम राशन के निर्माण एवं वितरण का कार्य किया जा रहा है। जिले में 905 साझा चूल्हा समूहों के माध्यम से टेकहोम राशन तैयार किया जा रहा है, जिनमें से 661 समूहों ने वितरण प्रारंभ कर दिया है। इस व्यवस्था से लगभग 35 हजार हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं, जिनमें 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चे तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाएं शामिल हैं।
स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे पोषणयुक्त टेकहोम राशन में निर्धारित रेसिपी के अनुसार गेहूं एवं चावल के साथ दलिया, चना दाल, तिल एवं सोयाबड़ी जैसी पोषणयुक्त सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों के लिए 750 ग्राम तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए 850 ग्राम का पैकेट तैयार कर उपलब्ध कराया जा रहा है। शासन द्वारा समूहों को आवश्यक गेहूं एवं चावल उपलब्ध कराया गया है तथा समूहों द्वारा स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थानों पर निर्धारित मापदंडों के अनुसार टेकहोम राशन तैयार कर पैकेट वितरित किए जा रहे हैं।
टेकहोम राशन के वितरण में पारदर्शिता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए प्रक्रिया को पोषण ट्रैकर से जोड़ा गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा हितग्राही को राशन प्रदान करते समय फोटो कैप्चर कर वितरण की प्रक्रिया दर्ज की जा रही है, जिससे वास्तविक हितग्राही तक राशन पहुंचने एवं वितरण का ऑनलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध रहता है। संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले द्वारा टेकहोम राशन की गुणवत्ता, सामग्री की मात्रा, पैकेजिंग एवं वितरण प्रक्रिया का नियमित निरीक्षण एवं परीक्षण किया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय पर गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार उपलब्ध कराया जा सके।
#TakeHomeRation #NutritionForAll #Dindori #MadhyaPradesh #PoshanAahar #Anganwadi #ChildNutrition #MaternalNutrition #PregnantWomen #LactatingMothers #NutritionTracker #WomenEmpowerment #SelfHelpGroups #CommunityNutrition #HealthyChildren #PoshanAbhiyan #GovernmentInitiative #DistrictAdministration #DindoriDistrict #MPGovernment #collectordindori #jansampark
7 views | Dindori, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026