मन जागृति अभियान के तहत छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
-
वीरांगना अवंतीबाई महाविद्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता शिविर, टेली-मानस हेल्पलाइन की दी जानकारी
-
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला अस्पताल टीकमगढ़ की मन कक्ष टीम द्वारा मन जागृति अभियान (10 से 16 अक्टूबर) के तहत शासकीय वीरांगना अवंतीबाई महाविद्यालय टीकमगढ़ में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा मानसिक तनाव से निपटने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को परीक्षा के समय होने वाले तनाव, नींद न आने की समस्या, घबराहट, अवसाद तथा लगातार चिंता बने रहने जैसे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाते हुए तनाव की स्थिति में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, अपनी समस्याओं को साझा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 एवं 1800-891-4416 की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को ’मनहित ऐप’ के संबंध में भी अवगत कराया गया, ताकि वे मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी एवं सहायता प्राप्त करने के उपलब्ध माध्यमों का उपयोग कर सकें।
शिविर में मन कक्ष के नोडल अधिकारी डॉ. धीरेंद्र यादव, नर्सिंग ऑफिसर श्री अजय सिंह लोधी, महाविद्यालय की प्राचार्य सुश्री रागनी, डॉ. कैलाश चंद्र कौशल, डॉ. फरीद अहमद सौदागर सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। मानसिक परेशानी होने पर संकोच न करें, अपनी समस्या साझा करें और समय पर उचित सहायता प्राप्त करें।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh