हाईवे किनारे एथेनॉल टैंकर में रिसाव, खतरे में हजारों जिंदगियां! डिपो से बाहर भेजे गए लीकेज वाले टैंकर ने बढ़ाई चिंता
देवरिया के बैतालपुर से इस वक्त की बेहद गंभीर खबर सामने आ रही है। इंडियन ऑयल डिपो के पास हाईवे किनारे एथेनॉल से भरा एक टैंकर खड़ा है, जिसमें लगातार लीकेज हो रहा है। ज्वलनशील एथेनॉल का रिसाव सड़क किनारे हो रहा है और इसी रास्ते से दिनभर हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में जरा सी चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
मामला गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर स्थित इंडियन ऑयल डिपो का है। बताया जा रहा है कि एथेनॉल से भरा टैंकर 14 अगस्त को गोरखपुर से बैतालपुर डिपो पहुंचा था। चालक के मुताबिक टैंकर करीब चार दिनों तक लाइन में खड़ा रहा। आज नंबर आने पर टैंकर डिपो के अंदर पहुंचा, जहां लीकेज की जानकारी हुई।
चालक का आरोप है कि लीकेज की जानकारी मिलने के बाद टैंकर को सुरक्षित तरीके से खाली कराने के बजाय उसे डिपो से बाहर ले जाने को कहा गया। इसके बाद लीकेज वाला टैंकर हाईवे के पास खड़ा कर दिया गया। अब सवाल यह है कि ज्वलनशील पदार्थ से भरे लीकेज वाले टैंकर को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के बजाय हाईवे किनारे क्यों खड़ा रहने दिया गया?
DM Deoria #deoria Indian Oil Corporation Ltd.
Deoria, Deoria | Aug 19, 2026