#Balrampur! गन्ना किसानों को राहत: समिति सदस्यता और उपज बढ़ोतरी के आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर तक बढ़ी...
#बलरामपुर (01 अक्टूबर 2026): प्रदेश सरकार ने गन्ना किसानों के हित में एक बड़ा और सराहनीय निर्णय लिया है। आगामी पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ना विकास समिति की सदस्यता लेने तथा उपज बढ़ोतरी (यिल्ड एन्हांसमेंट) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि को 30 सितंबर से बढ़ाकर 10 अक्टूबर 2026 कर दिया गया है। अतिवृष्टि के कारण आ रही व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए किसानों को यह 10 दिन का अतिरिक्त अवसर दिया गया है।
अतिवृष्टि को देखते हुए शासन ने लिया फैसला
जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि हाल ही में हुई भारी बारिश से किसानों को आ रही दिक्कतों के मद्देनजर किसान प्रतिनिधियों द्वारा अंतिम तिथि बढ़ाने की लगातार मांग की जा रही थी। किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आयुक्त, गन्ना एवं चीनी द्वारा तिथि विस्तार का आदेश जारी किया गया है।
नए किसानों को मिलेगा गन्ना आपूर्ति का मौका
इस निर्णय से विशेष रूप से उन नए किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा जो पहली बार गन्ने की खेती कर रहे हैं। 10 अक्टूबर तक समिति के नए सदस्य बनकर वे पेराई सत्र 2026-27 में अपनी गन्ना आपूर्ति का पर्ची आवंटन व अन्य संस्थागत लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही, जिन किसानों के खेत की पैदावार जनपद की औसत उपज से अधिक है, वे भी उपज बढ़ोतरी का आवेदन जमा कर नियमानुसार अतिरिक्त आपूर्ति की सुविधा ले सकेंगे।
24×7 टोल-फ्री किसान कॉल सेंटर जारी
गन्ना विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना 10 अक्टूबर तक अपने आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। किसी भी तरह की समस्या या जानकारी के लिए विभाग के मुख्यालय स्तर पर संचालित 24×7 टोल-फ्री किसान कॉल सेंटर नंबर 1800-121-3203 पर संपर्क किया जा सकता है।
#balrampur #Balrampur