हथीन के युवा पत्रकार रॉबिन माथुर का आकस्मिक निधन, 32 वर्ष की उम्र में छोड़ गए दो मासूम बच्चे
हथीन। वरिष्ठ पत्रकार उदयचंद माथुर के इकलौते पुत्र एवं युवा पत्रकार रॉबिन माथुर का मंगलवार को आकस्मिक निधन हो गया। करीब 32 वर्षीय रॉबिन पिछले लगभग आठ वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने पंजाब केसरी सहित विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की। वर्तमान में वह नवोदय टाइम्स सहित अन्य समाचार माध्यमों से जुड़े हुए थे।
मंगलवार दोपहर रॉबिन अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें नजदीकी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के दौरान उनका रक्तचाप बढ़ा हुआ और बुखार पाया गया। चिकित्सक ने दवा देने के बाद उन्हें घर जाने की सलाह दी, जिसके बाद रॉबिन वापस अपनी दुकान पर आ गए।
कुछ देर बाद उन्हें दोबारा घबराहट महसूस हुई। पड़ोसी नरेश चौधरी और उनके भाई ने रॉबिन को अपनी दुकान के एसी कमरे में बैठकर आराम करने के लिए कहा। वहां कुछ देर आराम करने के बाद रॉबिन अचानक बैठे-बैठे एक तरफ लुढ़क गए।
नरेश चौधरी, उनके भाई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें संभाला और हाथ-पैरों की मालिश करते हुए उनके पिता उदयचंद माथुर को सूचना दी। स्थानीय स्तर पर चिकित्सक को बुलाकर उनकी जांच कराई गई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए पलवल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया उनकी मौत हृदय संबंधी समस्या के कारण होना बताया गया है।
इकलौते बेटे की अचानक मौत की खबर से वरिष्ठ पत्रकार उदयचंद माथुर और उनका पूरा परिवार गहरे सदमे में है। जिस उम्र में माता-पिता को अपनी संतान का सहारा मिलना चाहिए, उसी उम्र में उदयचंद माथुर के कंधों पर बेटे रॉबिन के दो मासूम बच्चों की जिम्मेदारी भी आ गई है। रॉबिन अपने पीछे करीब पांच वर्षीय बेटी और लगभग तीन वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं।
रॉबिन के निधन की सूचना मिलते ही हथीन शहर के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों और परिचितों ने उनके निवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी तथा उदयचंद माथुर का हौसला बढ़ाया।
देर रात करीब साढ़े नौ बजे बाईपास स्थित हथीन के मोक्ष धाम में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में रॉबिन माथुर का अंतिम संस्कार किया गया। नम आंखों से लोगों ने युवा पत्रकार को अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार में नरेश चौधरी, मोहम्मद बिलाल, सतीश डागर, विकास एवं अल्पना मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रॉबिन माथुर के असमय निधन से हथीन के पत्रकारिता जगत और उनके परिचितों में शोक की लहर है। परिवार के युवा सदस्य की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।
Palwal, Palwal | Aug 18, 2026