कृषि विभाग की इंटर्नशिप में कृषि क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों से रूबरू हुए पंचकूला कॉलेज के विद्यार्थी
इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को मिला कृषि गतिविधियों का प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक अनुभव
विद्यार्थियों को प्रदान किए प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र
पंचकूला, 17 अगस्त : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा, पंचकूला के अंतर्गत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-1, पंचकूला के एमएससी (कैमिस्ट्री) के विद्यार्थियों ने 4 जून से 19 जुलाई तथा बीएससी (फिजिकल साइंस) के विद्यार्थियों ने 22 जून से 27 जुलाई तक इंटर्नशिप के दौरान कृषि, मृदा एवं जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इंटर्नशिप के दौरान मंडल भूमि संरक्षण अधिकारी, पंचकूला, श्री राहुल बडकोदिया ने विद्यार्थियों को किसान हित में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि गतिविधियों, जैसे सिंचाई टैंक, बुंगा डैम, तालाब, जैविक खेती, मत्स्य पालन और पॉलीहाउस आदि की जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया। विद्यार्थियों को ऑर्किड की खेती, ग्राफ्टिंग, बडिंग तथा फल, सब्जी, फूल, विभिन्न प्रजातियों और औषधीय फसलों की खेती की आधुनिक तकनीकों से भी अवगत कराया गया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को कीटनाशक एवं उर्वरक की दुकानों का भ्रमण करवाकर उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पादन के लिए उपयुक्त उत्पादों के चयन एवं उनके उचित उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने मत्स्य पालन एवं मत्स्य उत्पादन से जुड़ी गतिविधियों में भी रुचि के साथ भाग लिया और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
श्री सुमेर सिंह, भूमि परीक्षण अधिकारी, पंचकूला के पर्यवेक्षण में विद्यार्थियों ने मिट्टी एवं पानी की गुणवत्ता जांच की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। इनमें मृदा में जैविक कार्बन, विद्युत चालकता, पीएच तथा सूक्ष्म पोषक तत्वों की जांच शामिल रही। प्रयोगशाला में सूक्ष्म पोषक तत्वों की जांच के लिए आईसीपी मशीन के प्रयोग तथा जल परीक्षण की प्रक्रिया का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
विभाग द्वारा विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करने का प्रयास किया गया, ताकि वे कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों में बेहतर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकें। विभाग द्वारा इससे पहले भी तीन बैच के विद्यार्थियों को इस प्रकार का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत श्री राहुल बडकोदिया, मंडल भूमि संरक्षण अधिकारी, पंचकूला, श्री सुरेंद्र कुमार, सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी, पंचकूला तथा श्री सुमेर सिंह, भूमि परीक्षण अधिकारी, पंचकूला द्वारा रश्मि नैन, कोमल, निशा, राहुल शर्मा, कुलदीप, रवि, गौरव शर्मा, दीक्षा धीमान, नवनीत सहित अन्य विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के हित में भविष्य में भी हरसंभव सहयोग एवं प्रयास का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा, पंचकूला की ओर से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।