प्रेस विज्ञप्ति
02 अक्टूबर 2026
शीर्षक: जमुई जिले की सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन, विकसित ग्राम पंचायत योजना एवं VB-G RAM G के प्रावधानों से ग्रामीण हुए अवगत।
जमुई: गांधी जयंती के सुअवसर पर जमुई जिला अंतर्गत सभी प्रखंडों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभाओं का भव्य आयोजन किया गया। इसी क्रम में जमुई प्रखंड के ग्राम पंचायत चौड़ीहा में आयोजित विशेष ग्राम सभा की अध्यक्षता माननीय मुखिया द्वारा की गई। इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जमुई, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
ग्राम सभा में कार्यक्रम पदाधिकारी सहित पंचायत स्तरीय विभिन्न कार्यपालक विभागों के पदाधिकारी, कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विशेष ग्राम सभा के दौरान विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के औपचारिक शुभारंभ के अवसर पर ‘रिफॉर्म उत्सव’ का आयोजन किया गया। अधिकारियों द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को मिशन के दूरगामी उद्देश्यों, प्रमुख कानूनी व प्रशासनिक प्रावधानों, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी रोजगार सृजन तथा आजीविका संवर्धन की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
ग्राम सभा में विकसित ग्राम पंचायत योजना पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय संसाधनों, भौगोलिक आवश्यकताओं एवं विकास की प्राथमिकताओं के अनुरूप समावेशी कार्ययोजना बनाने पर बल दिया गया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत विकास योजना के निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा निर्णय लिया गया कि ग्रामीणों की प्रत्यक्ष भागीदारी से ही विकास की प्राथमिकताओं का चयन कर योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
उपविकास आयुक्त ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन पर जोर देते हुए स्वयं सहायता समूहों के लिए माइक्रोफाइनेंस की बढ़ाई गई राशि एवं नए वित्तीय प्रावधानों के बारे में जानकारी दी और कहा कि ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका में गुणात्मक सुधार लाया जा सकता है ।
रिफॉर्म उत्सव के चरणबद्ध एवं सुचारू क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन के अन्य वरीय अधिकारियों ने भी विभिन्न पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में भाग लिया। इसके तहत लक्ष्मीपुर प्रखंड की मटिया पंचायत में निदेशक, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम, श्री बलवन्त पाण्डेय तथा बरहट प्रखंड की मलयपुर पंचायत में निदेशक, लेखा, श्री राकेश सिंह उपस्थित रहे।
विशेष ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य सहभागी नियोजन के माध्यम से जिले की सभी पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना है। उप विकास आयुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा अपनी पंचायत के समग्र विकास में सक्रिय जनभागीदारी सुनिश्चित करें।
22 views | Jamui, Bihar | Oct 2, 2026