आशीर्वाद के लिए झुके सिर, सम्मान में धुले चरण—डायनेस्टी गुरुकुल छिनकी में दिखी संस्कारों की अद्भुत मिसाल—नई पीढ़ी को दिया संस्कारों का संदेश।
खटीमा। डायनेस्टी मॉडर्न गुरुकुल एकेडमी, छिनकी फार्म खटीमा में विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में भावपूर्ण एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में पहुंचे बुजुर्गों का विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार ने आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ नागरिकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। बुजुर्गों के विद्यालय परिसर में पहुंचते ही पूरा वातावरण सम्मान, उल्लास और आत्मीयता से भर गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए गीत गायन, झोड़ा-चांचरी, फाग, खेल तथा विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब विद्यालय के प्रबंध निदेशक धीरेंद्र चंद्र भट्ट ने उपस्थित बुजुर्गों के चरण धोकर उनका सम्मान किया और उन्हें श्रीरामचरितमानस, श्रीमद्भगवद्गीता एवं सुंदरकांड की पुस्तकें भेंट कीं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बुजुर्गों के जीवनभर के संघर्ष, अनुभव और समाज के प्रति उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।
धीरेंद्र चंद्र भट्ट ने कहा कि “वृद्धजन किसी भी परिवार और समाज की जड़ों की तरह होते हैं। जिस प्रकार मजबूत जड़ों के बिना कोई वृक्ष मजबूती से खड़ा नहीं रह सकता, उसी प्रकार बुजुर्गों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन के बिना परिवार की नींव मजबूत नहीं हो सकती। उनका आशीर्वाद जीवन में संजीवनी की तरह काम करता है।”
विद्यालय की डायरेक्टर प्रेमा भट्ट ने कहा कि बुजुर्गों का मार्गदर्शन जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वास्तव में वे लोग भाग्यशाली होते हैं, जिनके सिर पर बुजुर्गों का हाथ होता है। समाज में बुजुर्गों के सम्मान की बातें तो बहुत होती हैं, लेकिन जरूरत इस बात की है कि उनके प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित न रहे, बल्कि व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बने।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत सहित विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावुक नाटक ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को भावविभोर कर दिया। कई बुजुर्ग अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए और उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्नेह और आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर वरिष्ठ महिलाओं ने भी विद्यालय परिसर में गीत-संगीत एवं मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम में पीढ़ियों के बीच आत्मीय जुड़ाव और सम्मान की भावना देखने को मिली।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य चंद्रकांत पनेरू, एकेडमिक डायरेक्टर विक्टर आईवन, सुरेश ओली, गायत्री भट्ट, हरीश भट्ट, ऊषा चौसाली, ऊषा भट्ट, हेमलता बोरा, लिंसी त्यागी, दीपा डसीला, हेमा भट्ट, केशव जोशी, दिगंबर भट्ट, मनीष ठाकुर, रमेश जोशी, भरत बिष्ट, अशोक जोशी, चामु दानू, राहुल कुमार, नरसिंह कुंवर, ऊधम सिंह, रेनू उपाध्याय, रुचि चौहान, पिंकी कापड़ी, दीपा भट्ट, कमला राय, अनीता दानू, रश्मि पाठक, रोशनी चंद, आशा फुलेरा, मनीष भट्ट सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
डायनेस्टी गुरुकुल का यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को बुजुर्गों के सम्मान, संस्कार और उनके अनुभवों की महत्ता का संदेश देने वाली भावपूर्ण पहल बनकर सामने आया।
#DynastyGurukul #DynastyModernGurukulAcademy #Chinki #Khatima #SeniorCitizensDay #SeniorCitizen #बुजुर्गों_का_सम्मान #वरिष्ठ_नागरिक_दिवस #संस्कारों_की_मिसाल #बुजुर्गों_का_आशीर्वाद #नई_पीढ़ी_के_संस्कार #संस्कार_और_संस्कृति #मातृ_पितृ_सम्मान #बुजुर्ग_सम्मान #आशीर्वाद #भारतीय_संस्कार #हमारी_संस्कृति #हमारी_विरासत #पीढ़ियों_का_प्यार #खटीमा #KhatimaNews #Uttarakhand #UttarakhandNews #UdhamSinghNagar #Devbhoomi #SchoolEvent #SeniorCitizens #RespectElders #IndianCulture #UttarakhandLive24