Public App Logo
#नालंदा - मुहाने नदी किनारे मिला शव बना पहेली, रोहित की हत्या की आशंका पर सड़क जाम नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार चंडी थाना क्षेत्र में मुहाने नदी के किनारे रविवार शाम बरामद हुआ एक पार्थिव शरीर देर शाम तक पुलिस के लिए पहेली बना रहा। प्रारंभिक तौर पर शव की पहचान चंडी डीह पर निवासी उमेश चौधरी के 21 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में की गई थी। परिजनों ने भी शुरुआत में शव की पहचान रोहित के रूप में की, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद कुछ स्वजनों ने पहचान से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि शव किसी अज्ञात बुजुर्ग का है और उस पर मौजूद कपड़े भी रोहित के नहीं हैं। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि रोहित के परिजन पहचान को लेकर कभी हां तो कभी ना की स्थिति में हैं। ऐसे में शव की वास्तविक पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए मिलान कराया जाएगा। इसके बाद ही अनुसंधान को आगे बढ़ाया जाएगा। बताया गया कि रोहित कुमार 13 अगस्त से लापता था। घर नहीं लौटने पर अगले दिन परिजनों ने थाने में इसकी सूचना दी थी। रविवार को मुहाने नदी के किनारे किसी शव के पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव से दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद रोहित के परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई। परिजनों के अनुसार, रोहित फेरी लगाकर कबाड़ लोहा, टिन, कागज आदि की खरीद-बिक्री करता था। वह चार भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। कुछ माह पूर्व वह मुंबई भी गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, रोहित नशे की गिरफ्त में था और इसी प्रवृत्ति वाले कुछ किशोरों एवं युवकों के संपर्क में रहता था। शव की स्थिति को लेकर हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। परिजनों और स्थानीय लोगों का दावा है कि शव के हाथ पर कटे होने के निशान हैं तथा गर्दन पर भी चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। सिर पर बाल नहीं होने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। रोहित के पिता ने दावा किया कि उसके पैर में बचपन से चोट का निशान था और बरामद शव के पैर पर भी वैसा ही निशान मौजूद है। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य इसे लेकर असहमति जता रहे हैं। इसी कारण शव की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले में संदेह के आधार पर पड़ोस के दो युवकों से पूछताछ की है। घटनास्थल को एफएसएल जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि बरामद शव रोहित का है या किसी अन्य व्यक्ति का। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मौत हत्या के कारण हुई है अथवा इसके पीछे कोई अन्य वजह है। हत्या की आशंका पर चंडी बाजार में सड़क जाम इधर, रोहित कुमार की हत्या की आशंका जताते हुए उसके स्वजन और मोहल्ले के लोगों ने सोमवार सुबह करीब नौ बजे चंडी बाजार में सड़क जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक लोगों ने आवागमन बाधित रखा। हालांकि इस दौरान वाहनों का परिचालन बाईपास मार्ग से जारी रहा। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया। - Rahui News