कुत्ते की मौत पर फूट-फूटकर रोई युवती, डॉक्टर न मिलने पर जताई नाराजगी
अहरौला। एक युवती अपने तीन माह के पालतू कुत्ते के इलाज के लिए राजकीय पशु चिकित्सालय अहरौला पहुंची। युवती का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर वहां पशु चिकित्सा अधिकारी मौजूद नहीं थे। मौके पर मौजूद फार्मासिस्ट ने कुत्ते को देखने के बाद उसे मृत बताया।
कुत्ते की मौत की जानकारी मिलते ही युवती फूट-फूटकर रोने लगी और अस्पताल में डॉक्टर के मौजूद नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। वह करीब दो घंटे तक ब्लॉक गेट के पास बैठी रही और डॉक्टर की अनुपस्थिति पर सवाल उठाती रही।
युवती ने बताया कि वह इससे पहले भी अपने पालतू कुत्ते के इलाज के लिए अस्पताल आ चुकी है, लेकिन डॉक्टर नहीं मिले। उसका कहना था कि एक सप्ताह पूर्व भी वह करीब ढाई बजे तक डॉक्टर का इंतजार करती रही थी, जिसके बाद उसे कुत्ते को लेकर आजमगढ़ जाना पड़ा। दोबारा अस्पताल पहुंचने पर भी उसे डॉक्टर नहीं मिले।
करीब दो घंटे बाद युवती के चाचा वीरेंद्र राजभर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवती का नाम प्रीति है और वह अपने पालतू कुत्ते से काफी लगाव रखती थी। उनके अनुसार, डॉक्टर के नहीं मिलने को लेकर वह काफी नाराज थी।
इस संबंध में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि उनके पास अहरौला और अलौवा दोनों स्थानों का चार्ज है। स्टाफ की भी कमी है और लगातार क्षेत्र में पशुओं के टीकाकरण का कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि अहरौला में फार्मासिस्ट नियमित रूप से मौजूद रहते हैं। युवती के कुत्ते को लेकर अस्पताल पहुंचने की जानकारी उन्हें मिली है और वह इस संबंध में फार्मासिस्ट से बात करेंगे।