🔴 कांग्रेस का सत्याग्रह मार्च: “खरगे जी के अपमान के विरोध में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता”
सीधी। जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान के नेतृत्व में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ा विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर में सत्याग्रह मार्च निकाला। यह मार्च कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन सीधी से प्रारंभ होकर अम्बेडकर चौक तक गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
यह विरोध प्रदर्शन हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मंच से भाषण देने के बाद कुछ लोगों द्वारा उस स्थल का कथित “शुद्धिकरण” किए जाने के विरोध में आयोजित किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश के संविधान, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान बताया।
जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान ने कहा कि, “यह घटना हमारे लोकतंत्र की आत्मा पर चोट है। हम किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि उस सोच के खिलाफ लड़ रहे हैं जो समाज में भेदभाव और असमानता को बढ़ावा देती है।”
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सामाजिक न्याय और समानता के समर्थन में आवाज बुलंद की। अम्बेडकर चौक पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से सत्याग्रह किया और समाज में समरसता बनाए रखने का संदेश दिया।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और आगे भी पार्टी सामाजिक न्याय एवं संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
#SidhiNews #Congress #Satyagraha #SocialJustice #TalashNews