ओमान के पास जहाज पर हमले में मारे गए सूरज यादव का शव गांव पहुंचा, परिजनों में मचा कोहराम
देवरिया। ओमान के पास मालवाहक जहाज MV Cape Dao पर हुए हमले में जान गंवाने वाले गौरी बाजार थाना क्षेत्र के करमाजीतपुर निवासी 23 वर्षीय सूरज यादव का शव आज गांव पहुंचा। बेटे का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूरज यादव जहाज पर वाइपर (Wiper) के पद पर तैनात थे। परिजनों के मुताबिक, वह 19 अगस्त को मुंबई से दुबई होते हुए ओमान पहुंचे थे। 23 सितंबर को जहाज पर हुए हमले के बाद उनकी मौत की सूचना परिवार को मिली थी।
सूरज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आज शव गांव पहुंचने के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। अपने जवान बेटे को खोने के गम में परिजन बदहवास हैं। गांव के लोग भी शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
Deoria, Deoria | Oct 4, 2026