सीवर लाइन के घटिया निर्माण से सड़क बनी मुसीबत, चलते ट्रैक्टर का अगला हिस्सा हवा में उठा
रीवा। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 5 में सीवर लाइन के घटिया और अधूरे निर्माण का खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आज अचानक सड़क से गुजर रहा एक ट्रैक्टर गड्ढे में फंसने के बाद आगे से ऊपर उठकर खड़ा हो गया। घटना के बाद करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा और लोग इस नजारे को देखते रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति केवल रीवा नगर निगम के एक वार्ड की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में कई जगह देखने को मिल रही है। जहां-जहां नल-जल योजना, गैस पाइपलाइन और सीवर लाइन के नाम पर सड़कों की खुदाई की गई, वहां कई स्थानों पर आधे-अधूरे और घटिया निर्माण के बाद सड़कें बदहाल हो गई हैं।
लोगों का आरोप है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और निगरानी की कमी के कारण सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है और निर्माण कार्य कथित तौर पर कमीशनखोरी की भेंट चढ़ रहे हैं। जरूरत है कि संबंधित विभाग और नगर निगम ऐसे कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई करें, ताकि आम जनता को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।