कलेक्टर के निर्देश पर निर्माणाधीन पीजी कॉलेज के समीप राजस्व एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने हटाया अतिक्रमण
सिंगरौली, 1 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशानुसार जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा शासकीय परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजस्व एवं नगरीय निकायों द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गनियारी में निर्माणाधीन पीजी कॉलेज के समीप किए गए अतिक्रमण को राजस्व एवं नगर पालिक निगम की संयुक्त टीम द्वारा हटाने की कार्रवाई की गई।
कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शासकीय भूमि एवं सार्वजनिक उपयोग के स्थलों पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी क्रम में राजस्व एवं नगर निगम की टीम ने गनियारी स्थित निर्माणाधीन पीजी कॉलेज के पास पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। जांच के उपरांत अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई तथा शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर आवश्यक प्रशासनिक एवं वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया गया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तहसीलदार सविता यादव के नेतृत्व में की गई। इस दौरान नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी विपिन तिवारी उपयंत्री विष्णुपाल , पटवारी उमेश नामदेव, राजस्व निरीक्षक सुखदेव प्रसाद, सहित राजस्व एवं नगर निगम के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शासकीय भूमि, सार्वजनिक मार्ग, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तथा अन्य सार्वजनिक उपयोग के स्थलों पर किए गए अनधिकृत कब्जे को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण न करें तथा विकास कार्यों एवं सार्वजनिक सुविधाओं के लिए निर्धारित भूमि का अतिक्रमण करने से बचें। अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।