हिंदू कॉलेज के निजीकरण का आरोप, स्टाफ-छात्रों का वीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन।
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज को लेकर अब विरोध तेज हो गया है। हिंदू कॉलेज स्टाफ एसोसिएशन और छात्रों ने कॉलेज से आर्ट फैकल्टी, स्पोर्ट्स कैंपस होते हुए वाइस चांसलर कार्यालय तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज में निजी कंपनियों के बढ़ते दखल और छात्रों की सुविधाओं पर कथित प्रतिबंध को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। तस्वीरें दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से लेकर वाइस चांसलर कार्यालय तक निकाले गए विरोध मार्च की हैं। हाथों में पोस्टर और नारे और निशाने पर दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन।हिंदू कॉलेज के स्टाफ एसोसिएशन और छात्रों का आरोप है कि प्रतिष्ठित कॉलेज में धीरे-धीरे निजी कंपनियों का दखल बढ़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि निजी कंपनियों से डोनेशन लेने के बाद कॉलेज परिसर में ऐसे बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिससे छात्रों के लिए उपलब्ध जगहों के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आरोप सिर्फ परिसर तक सीमित नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज में छात्रों के एडमिशन को लेकर भी कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। स्टाफ एसोसिएशन का कहना है कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को शिकायत भी दी जा चुकी है।प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, बाहर से हिंदू कॉलेज की पहचान दिखाई देती है, लेकिन परिसर के अंदर कई जगह निजी कंपनियों के बोर्ड नजर आते हैं। उनका आरोप है कि क्लासरूम, ऑडिटोरियम, साइंस लैब और छात्रों के अभ्यास से जुड़ी जगहों तक पहुंच भी प्रभावित हुई है।
Delhi, India | Oct 1, 2026