मोकामा: तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने पूर्वी रेलवे फाटक में मारी जोरदार टक्कर, बैरियर क्षतिग्रस्त
मोकामा। नगर परिषद क्षेत्र स्थित पूर्वी रेलवे गुमटी (फाटक) पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अनियंत्रित और तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने बंद हो रहे पूर्वी रेलवे फाटक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रेलवे का बैरियर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि दुर्घटना के समय फाटक से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी, जिससे एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मोकामा पूर्वी रेलवे गुमटी पर डाउन लाइन से एक ट्रेन के गुजरने की सूचना पर गेटमैन फाटक बंद कर रहा था। उसी समय मोकामा बाजार की ओर से आ रहा एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे रेलवे बैरियर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोहे का बैरियर बीच से मुड़ गया और उसका तंत्र पूरी तरह से खराब हो गया।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग और रेलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा, जबकि उसमें बैठे यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
Mokameh, Patna | Aug 19, 2026