Public App Logo
फॉर्च्यूनर चुराई, फिर उसी से बेल्ट बांधकर उखाड़ ले गए ATM... हले लग्जरी फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी की और फिर उसी गाड़ी को एटीएम उखाड़ने में इस्तेमाल कर डाला। फरीदाबाद में चोरी के इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई फॉर्च्यूनर भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव धौज निवासी मोहम्मद मोइन खान (24), मोसिम उर्फ बिल्ला (27) और मकसूद उर्फ काला (45) के रूप में हुई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीशा तोड़ा, लैपटॉप से स्टार्ट की फॉर्च्यूनर एसीपी क्राइम अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 12 अगस्त की सुबह आरोपी चोरी की योजना बनाकर सेक्टर-16 पहुंचे थे। यहां उन्होंने अनूप गर्ग की फॉर्च्यूनर का शीशा तोड़ा और कथित तौर पर लैपटॉप की सहायता से गाड़ी स्टार्ट करके ले गए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-17 में मामला दर्ज किया गया था। ATM को बेल्ट से बांधा और गाड़ी से खींचकर उखाड़ दिया पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त की रात आरोपी चोरी की उसी फॉर्च्यूनर में सवार होकर एटीएम को निशाना बनाने निकले। कई स्थानों पर घूमने के बाद वे छांयसा रोड स्थित SBI के एटीएम पर पहुंचे। आरोपियों ने फॉर्च्यूनर को एटीएम के सामने खड़ा किया और मशीन को बेल्ट की सहायता से गाड़ी से बांध दिया। इसके बाद गाड़ी से जोरदार खिंचाव देकर एटीएम को उखाड़ा और उसकी डिग्गी में रखकर फरार हो गए। आरोपी एटीएम के साथ इन्वर्टर, बैटरी और कैमरा भी उखाड़ ले गए। अनुराग यादव की शिकायत पर थाना छांयसा में मामला दर्ज किया गया। तकनीकी सहायता से धौज में पकड़े गए तीन आरोपी दोनों वारदातों की गंभीरता को देखते हुए AVTS सिकरोना और भूपानी की टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। SI जगबीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर 17 अगस्त को थाना धौज क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की फॉर्च्यूनर भी बरामद की गई। आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के अनुसार, मोहम्मद मोइन खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और जुआ अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज हैं। मोसिम उर्फ बिल्ला के खिलाफ मारपीट का एक मामला, जबकि मकसूद उर्फ काला पर लूट, सीएस एक्ट और जुआ अधिनियम सहित चार मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ एटीएम और उसमें मौजूद नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है। - Panipat News