इलाज कराने गई महिला की ट्रेन से कटकर मौत, दो दिन से थी लापता
चित्रकूट। सीतापुर कस्बे से जिला अस्पताल सोनपुर में बुखार का इलाज कराने गई महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। महिला की पहचान सीतापुर निवासी सलमान बेगम के रूप में हुई है। वह 3 अक्टूबर को इलाज कराने घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं पहुंची। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 4 अक्टूबर को सीतापुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार 5 अक्टूबर को रेलवे ट्रैक के पास एक महिला का ट्रेन से कटा शव मिला। शव की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास की चौकियों और थानों को सूचना भेजी। इसी दौरान सीतापुर से महिला के लापता होने की जानकारी सामने आई। सूचना मिलने पर परिजनों को शव की पहचान के लिए बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान सलमान बेगम के रूप में की।
परिजनों के मुताबिक, सलमान बेगम सीतापुर के इसराइल मुस्लिम पुरवा की निवासी थीं। वह 3 अक्टूबर को बुखार का इलाज कराने जिला अस्पताल सोनपुर जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर अगले दिन पुलिस चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
मंगलवार को दोपहर करीब 1 बजे परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
सीतापुर चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह ने बताया कि महिला के लापता होने की सूचना मिलते ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। बाद में रेलवे ट्रैक के पास ट्रेन से कटे महिला के शव की जानकारी मिली। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।