दिनांक: 05 अक्टूबर 2026...
स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा..
बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 को स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में निर्वाचन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में निर्वाचन कार्य के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों एवं कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, बिहार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है। अतः सभी कोषांग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में कार्मिक कोषांग को मतदान एवं अन्य निर्वाचन कार्यों के लिए आवश्यक कर्मियों की उपलब्धता, प्रतिनियुक्ति एवं प्रशिक्षण की कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। परिवहन कोषांग को पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता एवं निर्वाचन कार्य के लिए उनके समुचित उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसी प्रकार सामग्री कोषांग को निर्वाचन से संबंधित आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण एवं मतदान दलों को समय पर सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रेक्षक कोषांग को निर्वाचन प्रेक्षकों से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा गया।
निर्वाचन कोषांग को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रक्रियाओं का समुचित समन्वय करते हुए ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं मीडिया कोषांग को निर्वाचन से संबंधित अधिकृत एवं प्रमाणिक सूचनाओं का समयबद्ध प्रसार सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं नियमित अनुश्रवण के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन की प्रत्येक प्रक्रिया में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह सहित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
#Samastipur #BiharElection2026 #GraduateElection #Election2026 #DistrictAdministration #SamastipurAdministration #स्वच्छनिष्पक्षपारदर्शीचुनाव #निर्वाचन2026
#CMSamrat
#samratchoudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Chief Electoral Officer, Bihar
Patna, Bihar | Oct 5, 2026