पुलिस मुठभेड़ में नामजद आरोपी के पैर में लगी गोली, तमंचा बरामद
#देवरिया जनपद के लार थाना क्षेत्र के सुतावर मोड़ के पास शनिवार की रात चेकिंग के दौरान पुलिस की एक नामजद आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, रोकने का इशारा करने पर आरोपी भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई।
घायल की पहचान दीपक तिवारी पुत्र स्व. विनोद तिवारी निवासी भीखम छपरा, थाना लार के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तत्काल पीएचसी लार पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर होने पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक दीपक तिवारी थाना लार में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 291/2026 में नामजद आरोपी है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर ने पुलिस टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
#deorianews #deoriaup52
Barhaj, Deoria | Oct 4, 2026