80वें स्वाधीनता दिवस पर डीएम ने दी जनपदवासियों को शुभकामनाएं,
बोले—जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता
जितेंद्र गुप्ता ✍️। उरई
उरई। 80वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने का संकल्प भी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी और फ्लैगशिप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास और अन्य जनहितकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर बेहतर ढंग से लागू किया जाए, ताकि आमजन को कम से कम कठिनाइयों का सामना करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं और शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कर्मचारियों को जनसेवा के प्रति ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई गई।
डीएम ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि सभी लोग आपसी एकता, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करते हुए राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर जालौन को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लें।
जिलाधिकारी ने अंत में जनपद के सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए एक बार फिर 80वें स्वाधीनता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
#IndependenceDay #80thIndependenceDay #Jalaun #JalaunDistrict #DMJalaun #RajeshKumarPandey #UttarPradesh #IndependenceDay2026 #15August #NationFirst #PublicWelfare #GoodGovernance #JalaunNews #Orai #BolDoBharat
Orai, Jalaun | Aug 15, 2026