27 अक्टूबर को एमआईटी में होगी तिरहुत स्नातक-शिक्षक चुनाव की मतगणना, डीएम-एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने एमआईटी परिसर का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 27 अक्टूबर को एमआईटी के प्रशासनिक भवन में मतगणना होगी। इसके साथ ही एमआईटी में मुजफ्फरपुर जिले का डिस्पैच सेंटर और मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर एवं वैशाली के पोल्ड बैलेट बॉक्स का स्ट्रॉंग रूम भी बनाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करते हुए समयबद्ध और त्रुटिहीन तैयारी करने का निर्देश दिया गया।
डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त और पारदर्शी माहौल में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्ट्रॉंग रूम की सुरक्षा के साथ सीसीटीवी निगरानी, नियंत्रण कक्ष की सक्रियता, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वहीं, मतगणना के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा।
#TirhutGraduateElection #TirhutTeacherElection
#Muzaffarpur #MITMuzaffarpur #TirhutNow