सैनिक का पार्थिव शरीर लेकर लौट रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, चार की मौत
#देवरिया: रुद्रपुर थाना क्षेत्र के गहिला दुधेला गांव निवासी सेना में सूबेदार सत्यवान सिंह का चंडीगढ़ कमांड अस्पताल में निधन हो गया। रविवार को उनके पार्थिव शरीर को एंबुलेंस से पैतृक गांव लाया जा रहा था। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र के जरई कला गांव के समीप एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों में एंबुलेंस चालक यशपाल, सूबेदार सत्यवान सिंह के भाई रामसमुझ, उनके पुत्र गौरव सिंह और रुद्रपुर नगर पंचायत के सभासद राजन चौधरी शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना पर जिलाधिकारी मधुसूदन हूल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया। एक साथ चार लोगों की मौत से इलाके में मातम का माहौल है।
#deorianews #deoriaup52
Barhaj, Deoria | Oct 4, 2026