संयुक्त संचालक मत्स्य ने मत्स्य बीज प्रक्षेत्र कटरा का किया निरीक्षण
संयुक्त संचालक मत्स्य, जबलपुर संभाग श्री गिरीश मेश्राम ने मत्स्य विभाग के कार्यालय एवं मत्स्य बीज प्रक्षेत्र कटरा का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय कार्यों तथा मत्स्य बीज उत्पादन की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद श्री मेश्राम ने क्षेत्र के प्रगतिशील मत्स्य कृषकों की इकाइयों का भ्रमण किया। उन्होंने ग्राम कोन्डरा के मत्स्य कृषक श्री आदित्य साहु की बायोफ्लॉक इकाई तथा ग्राम जंतीपुर के श्री धनंजय पटेल की पॉण्ड बायोफ्लॉक इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान कृषकों से मत्स्य पालन, उत्पादन, प्रबंधन, लागत एवं आय की जानकारी प्राप्त की तथा बायोफ्लॉक तकनीक के बेहतर उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर मत्स्य कृषक कम क्षेत्रफल एवं सीमित जल संसाधनों में अधिक उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। विभाग द्वारा कृषकों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री हेमंत भगत, मत्स्य निरीक्षक श्री पी.के. वैध सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित मत्स्य कृषक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of Fisheries, Madhya Pradesh
Mandla, Madhya Pradesh | Oct 5, 2026