40 साल के राजनीतिक जीवन में किसी स्कूल में ऐसा आयोजन नहीं देखा : मूलचंद शर्मा
विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित नौ दिवसीय नवरात्रि संस्कार महोत्सव के चौथे दिन बल्लभगढ़ विधायक एवं हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने शिरकत की। उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और बच्चों को भारतीय संस्कृति व संस्कारों से जोड़ने के लिए स्कूल की पहल की सराहना की। इस अवसर पर मार्केट कमेटी मोहना के चेयरमैन संदीप टोंगर भी उपस्थित रहे।
मूलचंद शर्मा ने कहा कि अपने 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में उन्होंने हरियाणा के अनेक स्थानों का दौरा किया, लेकिन किसी स्कूल में ऐसा आयोजन नहीं देखा, जहां मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर लगातार नौ दिनों तक बच्चों के साथ प्रतिदिन विधिवत पूजा-अर्चना की जाती हो।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराना भी बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन बच्चों के लिए यादगार बनते हैं और अभिभावकों को भी विद्यालय से जुड़ाव का अनुभव कराते हैं।
स्कूल में 11 अक्टूबर से शुरू हुए इस महोत्सव के दौरान प्रतिदिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की आराधना की जा रही है। आयोजकों के अनुसार, प्रत्येक दिन निर्धारित रंग के अनुरूप माता की वेशभूषा सजाई जाती है। चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा के अवसर पर नीले रंग की वेशभूषा आकर्षण का केंद्र रही।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ भारतीय संस्कृति, आस्था और संस्कारों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम में स्कूल संचालक शिव कुमार, सुखबीर सरपंच, नरेश चुग, संदीप चौधरी, उदयवीर गिल, राजेश यादव, आनंद पाल राठी, गोविंद अरोरा और प्रधान सुभाष चौधरी सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, सरपंच एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि मौजूद रहे।