प्रेस विज्ञप्ति
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी में झंडारोहण एवं दिव्यांगजनों तथा बालिकाओं का सम्मान
मोतिहारी, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के प्रांगण में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री नितिन त्रिपाठी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। झंडारोहण के पश्चात उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों, अधिवक्ताओं, पारा विधिक स्वयंसेवकों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी श्री अभिषेक कुमार दास की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनिर्माताओं को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का विषय नहीं है, बल्कि इसके साथ प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का भी निर्वहन आवश्यक है। न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पांच दिव्यांगजनों को वितरित की गई ट्राईसाइकिल
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इस क्रम में पांच दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।
ट्राईसाइकिल का वितरण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अभिषेक कुमार दास के द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर उपलब्ध कराना तथा जरूरतमंद एवं वंचित लोगों को उनके अधिकारों से जोड़ना विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें अधिक से अधिक स्वावलंबी बनाना तथा उनके दैनिक जीवन एवं आवागमन को सुगम बनाना है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें सम्मान, अवसर एवं अधिकार उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उत्कृष्ट कला प्रदर्शन के लिए तीन बालिकाएं सम्मानित
समारोह के दौरान कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया। उनकी प्रतिभा एवं उत्कृष्ट कला प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें मोमेंटो एवं अन्य सम्मान सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बच्चों एवं बालिकाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। कला, शिक्षा, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। प्रतिभाशाली बालिकाओं को सम्मानित किए जाने से निश्चित रूप से अन्य बच्चों को भी अपनी प्रतिभा को निखारने की प्रेरणा मिलेगी।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
East Champaran, Bihar | Aug 16, 2026