#देवरिया में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, दुर्घटना संभावित स्थानों पर होंगे जरूरी सुधार
#देवरिया, 30 सितंबर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और जनहानि रोकने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
### दुर्घटना संभावित स्थानों पर होंगे सुरक्षा के इंतजाम
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने सड़क सुरक्षा गतिविधियों से जुड़े आंकड़ों की नियमित निगरानी करने और जिले की सीमा के अंतर्गत मार्गवार सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां सड़क सुरक्षा संकेतक, रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं, ताकि सड़क हादसों की आशंका को कम किया जा सके।
### दुर्घटना वाले विकासखंडों में चलेगा विशेष अभियान
सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग और एआरटीओ को निर्देश दिया कि जिन विकासखंडों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अधिक है, वहां विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाए। इसके माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही विद्यालयों में भी सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया।
### राजमार्गों पर पेट्रोलिंग और संकेतकों की होगी समीक्षा
अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह ने राजमार्गों पर पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर सड़क सुरक्षा संकेतकों की स्थिति की समीक्षा कर जरूरत के अनुसार नए संकेतक लगाने तथा रोड सेफ्टी पॉलिसी का प्रभावी अनुपालन कराने को कहा।
उन्होंने स्कूल वाहनों में सड़क सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।
### हादसों में घायलों को तत्काल मिले चिकित्सा सहायता
अपर जिलाधिकारी ने पुलिस, लोक निर्माण विभाग, परिवहन, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को सक्रिय रखने को कहा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
बैठक में क्षेत्राधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जेबी सिंह, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी, बरहज की अधिशासी अधिकारी निरुपमा राय, बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्य, डीआईओएस हरिश्चन्द्र नाथ, मंटू बाबू जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
Deoria Post | सच के साथ, आपके साथ।