नशे और गैंगस्टरवाद के मुद्दे पर भाजपा का सिंहपुरा चौक पर प्रदर्शन
संजीव खन्ना ने परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
जीरकपुर, 14 अक्टूबर (राकेश गांधी)
पंजाब में कानून-व्यवस्था, नशे और गैंगस्टरवाद के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को स्थानीय सिंहपुरा चौक पर आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रोटोकॉल सैकेट्री संजीव खन्ना के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने राज्य में आपराधिक घटनाओं और नशे की समस्या पर चिंता जताई।
इस मौके पर पंजाब भाजपा के महासचिव परमिंदर सिंह बराड़, उपाध्यक्ष रणजीत सिंह गिल, मोहाली भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ, वरिष्ठ नेता एस.एम.एस. संधू, मनप्रीत सिंह बन्नी संधू, सुधीर कांटीवाल, राधे श्याम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता संजीव खन्ना ने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाजसेवी परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर की गई हत्या पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में हत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं और राज्य सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने लोगों से मौजूदा सरकार को सत्ता से हटाने की अपील भी की।
संजीव खन्ना ने कहा कि परविंदर सिंह झोटा नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे थे और उनकी हत्या बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि वह झोटा के परिवार के साथ खड़े हैं और उनसे मिलने भी जाएंगे। उन्होंने पंजाब की युवा पीढ़ी पर नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
खन्ना ने राज्य सरकार की नशा विरोधी मुहिम पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि पंजाब के शहरों में नशे की बिक्री खुलेआम हो रही है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल सामाजिक या स्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा नहीं है, बल्कि इसका संबंध राष्ट्रीय सुरक्षा से भी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे का उल्लेख करते हुए खन्ना ने कहा कि नशे से होने वाली कमाई का इस्तेमाल आतंकवाद और देशविरोधी गतिविधियों के लिए किए जाने का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि भाजपा नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने तथा नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।