350 से अधिक नामांकनों के बीच, फतेहाबाद के भूथन खुर्द के पूनिया परिवार की छोटी बहू डॉ. देवस्मिता रॉय को ऑस्ट्रेलिया में मिला प्रतिष्ठित सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मेलबर्न में आयोजित ऑस्ट्रेलिया इंडिया मल्टीकल्चरल अवॉर्ड्स समारोह में प्राप्त 350 से अधिक नामांकनों में से कोलकाता की बेटी एवं फतेहाबाद के भूथन खुर्द के पूनिया परिवार की छोटी बहू डॉ. देवस्मिता रॉय को ‘फैमिली वायलेंस एंड एडवोकेसी’ श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार मानसिक स्वास्थ्य तथा संकटग्रस्त और वंचित समुदायों के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्य एवं उनके अधिकारों की वकालत को मान्यता प्रदान करता है।
देवस्मिता पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में मानसिक स्वास्थ्य क्लिनिशियन के रूप में कार्यरत हैं और मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना कर रहे कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान करती हैं। पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया से मेलबर्न की लंबी दूरी और अपनी कार्य संबंधी जिम्मेदारियों के कारण वह समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सकीं। उनकी ओर से मेलबर्न में उपस्थित प्रतिनिधि डॉ.दमन श्रीवास्तव ने यह सम्मान ग्रहण किया।
यह उपलब्धि केवल पूनिया परिवार और भूथन खुर्द गांव के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे फतेहाबाद जिले के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का क्षण है। विदेश में रहकर मानसिक स्वास्थ्य एवं कमजोर समुदायों की सेवा करते हुए देवस्मिता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फतेहाबाद का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता क्षेत्र की बेटियों और बहुओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है कि समर्पण, सेवा और दृढ़ संकल्प से वैश्विक पहचान प्राप्त की जा सकती है।