*नवरात्रि सहित आगामी त्योहारों एवं पंचायत चुनावों के मद्देनजर धौलपुर पुलिस अलर्ट मोड पर*
*जिलेभर में पुलिस की पैदल गश्त तेज, मुख्य बाजारों, मंदिरों एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़*
*आमजन में विश्वास एवं अपराधियों में भय की भावना को मजबूत करने के लिए धौलपुर पुलिस मुस्तैद*
नवरात्रि सहित आगामी त्योहारों एवं पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से धौलपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में जिले के समस्त पुलिस थानों की टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से पैदल गश्त की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आज जिले में सभी थानों की पुलिस टीमों द्वारा मुख्य बाजारों, प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इस दौरान पुलिस की सक्रिय उपस्थिति के माध्यम से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। नवरात्रि के दौरान मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर आमजन की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं। पैदल गश्त के माध्यम से पुलिसकर्मी आमजन से संवाद स्थापित कर रहे हैं तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर भी नजर रख रहे हैं। इसके साथ ही आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराना धौलपुर पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य है कि आमजन बिना किसी भय, दबाव अथवा व्यवधान के अपने दैनिक कार्य कर सकें तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में निर्भीक होकर भाग ले सकें।त्योहारों एवं चुनावों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।